
स्थान – पौड़ी

ब्यूरो रिपोट

होली पर्व को देखते हुए पौड़ी जिले में अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। विभाग का कहना है कि त्योहार के दौरान अवैध शराब की बिक्री और तस्करी की आशंका को देखते हुए सख्त निगरानी की जा रही है।


जिला आबकारी अधिकारी तपन पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के तहत विभिन्न टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों को जिले के संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर तैनात किया गया है।


उन्होंने बताया कि कोटद्वार, लक्ष्मण झूला, पौड़ी और श्रीनगर समेत अन्य स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा जिले के चार सर्किलों में भी अलग-अलग टीमें सक्रिय की गई हैं।


अभियान के तहत शराब की दुकानों की भी नियमित जांच की जा रही है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, इस माह अब तक 40 चालान किए जा चुके हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

आबकारी अधिकारी ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जाए।

इसके साथ ही नए वित्तीय वर्ष के लिए शराब की दुकानों के नवीनीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। विभाग द्वारा लाइसेंस संबंधी औपचारिकताएं पूरी कराई जा रही हैं।
प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

