
स्थान – लालकुआँ

ब्यूरो रिपोट

लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में तेजी से फैल रहे नशे के कारोबार को लेकर पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री संध्या डालाकोटी ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने इसे सामाजिक संकट बताते हुए कहा कि क्षेत्र का युवा वर्ग बड़ी संख्या में नशे की गिरफ्त में पहुंच रहा है, जो पूरे समाज के लिए गंभीर चेतावनी है।


संध्या डालाकोटी ने कहा कि क्षेत्र के युवा समाजसेवी पीयूष जोशी द्वारा नशा मुक्त अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत आगामी 26 तारीख को जनसंपर्क अभियान और जनबैठक आयोजित की जाएगी।


उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, ब्लॉक स्तरीय प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उनका कहना है कि यह केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि समाज के भविष्य से जुड़ा प्रश्न है।


उन्होंने कहा कि नशे के कारण क्षेत्र में कई युवाओं की सड़क दुर्घटनाओं में जान जा चुकी है। अनेक परिवार आर्थिक और सामाजिक रूप से बर्बाद हो गए हैं, जबकि महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि परचून की दुकानों तक में अवैध रूप से शराब बिकने की शिकायतें मिल रही हैं। इससे प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

संध्या डालाकोटी ने आबकारी विभाग और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि नशे के कारोबार को किसी प्रकार का संरक्षण प्राप्त है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर नशे के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश और समाज का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें नशे की दलदल से बाहर निकालना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और लालकुआं विधानसभा को नशा मुक्त बनाने के लिए जनआंदोलन खड़ा करना होगा।

