
स्थान – ऊधम सिंह नगर

ब्यूरो रिपोट

जनपद के रुद्रपुर में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। दबंगों ने तमंचे और चाकू की नोक पर एक विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसके हाथ की उंगली घायल कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


घटना 22 फरवरी की बताई जा रही है। पीड़िता अपने देवर के साथ गांधी पार्क में लगे सरस मेले से घर लौट रही थी। जैसे ही वे मोदी मैदान के पास पहुंचे, दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया।


बताया जा रहा है कि आरोपियों में से कुछ युवक देवर को पहले से जानते थे। पहले सामान्य बातचीत की गई, लेकिन अचानक आरोपियों ने तमंचा निकालकर दोनों को धमकाना शुरू कर दिया।


आरोप है कि बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देते हुए महिला को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाया और सुनसान स्थान पर ले गए। वहां देवर के सामने ही बारी-बारी से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया।

पीड़िता द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर उसके हाथ की उंगली घायल कर दी। इतना ही नहीं, आरोप है कि दरिंदों ने इस कृत्य का वीडियो भी बना लिया और पुलिस में शिकायत करने पर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।

घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

