सतपुली-बिलखेत में 26 से नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल–2026, रोमांच और संस्कृति का संगम

सतपुली-बिलखेत में 26 से नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल–2026, रोमांच और संस्कृति का संगम

स्थान – पौड़ी

ब्यूरो रिपोट

पौड़ी जिले के सतपुली-बिलखेत क्षेत्र में 26 से 28 फरवरी तक आयोजित होने वाला Nayar Valley Adventure Festival 2026 इस वर्ष रोमांच, साहस और संस्कृति का अनूठा संगम लेकर आ रहा है। प्रशासन और संबंधित विभागों ने आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। क्षेत्र में महोत्सव को लेकर उत्साह का माहौल है।

महोत्सव को सफल बनाने के उद्देश्य से 23 और 24 फरवरी को दो दिवसीय ट्रायल आयोजित किया जा रहा है। ट्रायल के दौरान सुरक्षा मानकों, तकनीकी व्यवस्थाओं, उपकरणों की कार्यक्षमता और प्रतिभागियों की सुविधाओं का गहन परीक्षण किया जा रहा है, ताकि मुख्य आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या जोखिम की स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

जिलाधिकारी Swati S. Bhadoria ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव में पैराग्लाइडिंग, कयाकिंग, माउंटेन बाइकिंग (एमटीबी), पैरा मोटरिंग, एंगलिंग और हॉट एयर बैलून जैसी साहसिक गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। नयार घाटी की प्राकृतिक सुंदरता के बीच इन गतिविधियों का रोमांच प्रतिभागियों को विशेष अनुभव प्रदान करेगा।

इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों द्वारा लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिससे क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति को मंच मिलेगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। उन्होंने आमजन, विशेषकर युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर साहसिक गतिविधियों का आनंद लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन से जनपद में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही स्वरोजगार से जुड़े लोगों, होटल और होमस्टे संचालकों, हस्तशिल्पियों तथा व्यापारियों को भी लाभ मिलेगा। यह महोत्सव न केवल रोमांच का मंच बनेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा।