पौड़ी: जल संस्थान संविदा श्रमिक संघ ने कार्मिकों की उपेक्षा पर उठाई चेतावनी

पौड़ी: जल संस्थान संविदा श्रमिक संघ ने कार्मिकों की उपेक्षा पर उठाई चेतावनी

स्थान – पौड़ी

ब्यूरो रिपोट

उत्तराखंड जल संस्थान संविदा श्रमिक संघ पौड़ी ने सरकार और जल संस्थान प्रशासन पर कार्मिकों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए गंभीर चेतावनी दी है। संघ ने कहा कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आगामी 26 फरवरी को डीएम कार्यालय परिसर में आत्मदाह की घटना हो सकती है।

संघ के पौड़ी जिलाध्यक्ष और शाखा अध्यक्ष सुरजीत डोबरियाल ने बताया कि जल संस्थान में कार्मिक ठेका प्रथा के माध्यम से कार्यरत हैं, लेकिन उनके हितों के साथ लगातार खिलवाड़ हो रहा है।

उन्होंने कहा कि संघ दस वर्षों से अधिक समय से कार्यरत कार्मिकों को विभागीय नियुक्ति या समायोजन, उपनल के समान कार्य-समान वेतन सुविधा और श्रीनगर, श्रीकोट, शक्ति विहार में बिना नोटिस हटाए गए 38 कर्मचारियों की पुनः बहाली की मांग कर रहा है।

सुरजीत डोबरियाल ने कहा, “2002 से सेवारत होने के बावजूद हमारी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। अधिकारियों की मिलीभगत से 38 श्रमिक बिना नोटिस हटाए गए हैं। मेरे अप्रैल 2025 के बाद का भुगतान भी नहीं किया गया।”

इस पर जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता प्रवीण सैनी ने बताया कि संबंधित कर्मचारी ठेकेदार के तहत कार्यरत थे, जिन्हें आरोपों के चलते ठेकेदार ने हटा दिया। उन्होंने कहा कि उक्त कर्मचारी को सतपुली में काम करने को कहा गया था, लेकिन कर्मचारी पूर्व में कार्यरत स्थान पर ही काम करना चाहते थे, जिसकी अंतिम निर्णय ठेकेदार के पास है।

संघ ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो 26 फरवरी को आत्मदाह की कार्रवाई की जाएगी, जिससे प्रशासन और सरकार पर दबाव बढ़ सकता है।