
स्थान – लालकुआँ

ब्यूरो रिपोट

प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस एससी विभाग के जिला अध्यक्ष इन्द्रपाल ने प्रदेश की धामी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार अराजकता फैलाने और जनता की समस्याओं से ध्यान हटाने में विफल हो रही है।


इन्द्रपाल ने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि दो दिन पूर्व भाजपा विधायक और उनके समर्थकों ने निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय कुमार नौडियाल के कार्यालय में घुसकर उनके साथ मारपीट की।


इस घटना ने प्रदेशभर में भारी आक्रोश पैदा कर दिया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला बताते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है।

उन्होंने कहा, “सत्ता के नशे में भाजपा कार्यकर्ता अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं। प्रदेश में अराजकता का माहौल है और सरकार स्थिति संभालने में पूरी तरह विफल रही है।

अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और सरकार का ध्यान मूल मुद्दों से भटक गया है। जनता की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक कार्यक्रमों पर जोर दिया जा रहा है।”

इन्द्रपाल ने यह भी कहा कि धर्म की आड़ में राजनीति की जा रही है, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज गरीबों को न्याय मिलना मुश्किल हो गया है, और केवल सत्ता दल के लोग ही सरकारी संरक्षण का लाभ उठा पा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार समय रहते सुधार नहीं करती, तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी।

