खटीमा में किसान की 121 एकड़ फसल पर ट्रैक्टरों से कब्जा, राजनीतिक हलचल तेज

खटीमा में किसान की 121 एकड़ फसल पर ट्रैक्टरों से कब्जा, राजनीतिक हलचल तेज

स्थान – खटीमा (उधम सिंह नगर)

रिपोर्ट -अशोक सरकार

खटीमा क्षेत्र में एक किसान की 121 एकड़ कृषि भूमि पर कथित रूप से बिना नंबर के ट्रैक्टरों द्वारा खड़ी फसल रौंदे जाने और जमीन पर कब्जा किए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। पीड़ित किसान युवराज तलवार न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

इस प्रकरण को लेकर क्षेत्र में सियासी गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के केंद्रीय सचिव आशीष नेगी पीड़ित किसान के घर पहुंचे और परिवार से मुलाकात कर अपना समर्थन जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भू-माफियाओं के हौसले बढ़ गए हैं और सत्ता संरक्षण के कारण किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है।

आशीष नेगी ने कहा, “सत्ता की हनक इतनी बढ़ गई है कि लोगों के अधिकारों का हनन हो रहा है। यह बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अगर जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो यूकेडी आंदोलन करने को बाध्य होगी। आने वाले चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।”

पीड़ित किसान ने आरोप लगाया कि प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, स्थानीय प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद खटीमा में राजनीतिक सरगर्मियां और बढ़ गई हैं। विभिन्न दलों के नेता भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर समर्थन दे रहे हैं। अब सवाल यह है कि प्रशासन इस संवेदनशील मामले में क्या कदम उठाता है और किसान को न्याय मिल पाता है या नहीं।