
स्थान : खटीमा ऊधम सिंह नगर

रिपोर्टर : अशोक सरकार

उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की कुमाऊं क्रांति संवाद यात्रा बुधवार को खटीमा पहुंचकर सफलतापूर्वक समाप्त हुई। यह यात्रा रुद्रपुर से शुरू होकर काशीपुर, रामनगर, हल्द्वानी, अल्मोड़ा, बागेश्वर, गंगोलीहाट, पिथौरागढ़, जागेश्वर और लोहाघाट होते हुए खटीमा तक आयोजित की गई।


यात्रा के दौरान पूरी टीम ने पहले बाइक रैली निकाली और राज्य निर्माण के समय खटीमा में शहीद हुए वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। यात्रा का नेतृत्व यूकेडी युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी ने किया।


यात्रा का उद्देश्य कुमाऊं के लोगों से संवाद करना और उनकी समस्याओं को सामने लाना था। जनता ने विभिन्न स्थानों पर युवा नेताओं आशीष नेगी और कुलदीप रावत को अपनी समस्याएं बताईं। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि यह यात्रा कुमाऊं क्षेत्र में यूकेडी के जनाधार को मजबूत करने में अहम साबित हुई है।

आशीष नेगी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस और भाजपा सरकारों ने प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों का शोषण किया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और अराजकता की स्थिति चरम सीमा पर है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और महिला अपराध में वृद्धि हुई है।

नेगी ने आगे कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को जागरूक करना और उन्हें उनके हक-अधिकार के लिए संगठित करना है। उनका कहना था कि उत्तराखंड में क्रांति दल की सरकार बनना आज अत्यंत जरूरी हो गया है।


यात्रा में आशीष नेगी के साथ केंद्रीय उपाध्यक्ष कुलदीप रावत, गौरव जोशी, नीरज बिष्ट, राजा बिष्ट, दिव्यांशु मधवाल, आयुष रावत, श्याम सिंह रावत और विनोद रावत समेत कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
यूकेडी का यह आयोजन कुमाऊं क्षेत्र में राजनीतिक चेतना बढ़ाने और स्थानीय मुद्दों को सामने लाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यात्रा के समापन अवसर पर जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों में प्रदेश में क्रांति दल की सरकार बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

