
स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोट

ऋषिकेश: प्रसिद्ध सोमेश्वर महादेव मंदिर के प्रबंधक और एक स्थानीय परिवार के बीच मंदिर के बगल की खाली जमीन को लेकर विवाद छिड़ गया। दोनों पक्ष जमीन पर अपना हक जताते हुए भिड़ गए और बहस हाथापाई तक पहुँच गई।


सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा गया कि दोनों पक्षों ने पत्थर और लाठी-डंडे भी इस्तेमाल किए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया।


मंदिर के महंत रामेश्वर गिरी ने बताया कि सालों से मंदिर के बगल की जमीन खाली पड़ी है। पड़ोस में रहने वाले लोग इसे पार्किंग के लिए इस्तेमाल करते हैं, लेकिन पास के एक परिवार ने जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। जब इसे रोका गया तो परिवार के पुरुष और महिलाएं आक्रोशित होकर साधुओं पर हमला करने लगे।


महंत रामेश्वर गिरी ने तहसील प्रशासन से अपील की कि जमीन के दस्तावेजों की जांच कर उचित नपाई करवाई जाए ताकि विवाद का निपटारा हो सके।

दूसरी ओर परिवार के प्रतिनिधि प्रशांत चौहान ने दावा किया कि जमीन उनके रजिस्ट्री में दर्ज है और उन्होंने मंदिर के लिए कुछ हिस्सा खाली छोड़ा था। उन्होंने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि साधुओं ने उनके निर्माण कार्य कर रहे मिस्त्री पर हमला किया।

पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत रहने और नियम अनुसार तहसील प्रशासन से अपनी-अपनी जमीन नपाई करवाने की सलाह दी।

अधिकारियों ने कहा कि विवादित जमीन के दस्तावेजों की जांच के बाद ही मामला सुलझाया जाएगा। दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
स्थानीय प्रशासन ने भी भरोसा दिलाया कि मामले का शीघ्र समाधान निकाला जाएगा ताकि मंदिर और स्थानीय परिवार के बीच शांति कायम रहे और भविष्य में कोई विवाद न हो।

