हल्द्वानी में बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामले को लेकर सुरक्षा अलर्ट

हल्द्वानी में बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामले को लेकर सुरक्षा अलर्ट

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोट

बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामले में कल यानी 24 फरवरी को देश की सर्वोच्च अदालत में सुनवाई प्रस्तावित है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हल्द्वानी का बनभूलपुरा क्षेत्र पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

पुलिस और प्रशासन ने क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। रेलवे प्रशासन की ओर से अतिरिक्त फोर्स मंगाई गई है, जबकि आईआरबी और पीएसी की टुकड़ियां भी हल्द्वानी पहुंच चुकी हैं। इलाके में लगातार गश्त जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई ने बताया कि कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए बाहरी जनपदों से भी फोर्स बुलाई गई है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे शांति बनाए रखें और सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का सम्मान करें। उन्होंने कहा, “न्यायालय के आदेश का अनुपालन करना हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।”

रेलवे प्रशासन ने बनभूलपुरा क्षेत्र में लगभग 80 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमित बताया है और इसे खाली कराने की मांग की है। इस संबंध में मामला भारतीय रेल की ओर से सुप्रीम कोर्ट में लंबित है और सुनवाई नियमित रूप से जारी है।

सूत्रों के अनुसार, इस क्षेत्र में करीब 4300 भवन स्थित हैं, जिनमें हजारों लोग निवास करते हैं। ऐसे में सुनवाई को लेकर क्षेत्र में हलचल बढ़ गई है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दे रहा है।