लालकुआं में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार के खिलाफ पुतला दहन

लालकुआं में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार के खिलाफ पुतला दहन

स्थान : लालकुआं
ब्यूरो रिपोट

बीते दिनों देहरादून में निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय कुमार नौटियाल के साथ कथित मारपीट की घटना ने प्रदेश की राजनीति गरमा दी है। विपक्षी पार्टी कांग्रेस पार्टी ने इस मामले को लेकर लगातार भाजपा सरकार पर हमलावर रुख अपनाया है।

आज लालकुआं में भुवन पाड़े के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाट बाजार स्थित चौराहे पर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन किया।

कांग्रेस ने तीन प्रमुख मुद्दों को लेकर विरोध जताया – भारत-अमेरिका ट्रेड डील, मनरेगा में बदलाव और देहरादून में निदेशक प्रारंभिक शिक्षा के साथ कथित मारपीट।

कांग्रेस वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील छोटे, सीमांत और मध्यम किसानों व व्यापारियों के लिए हानिकारक होगी। उनका कहना था कि यह समझौता आर्थिक आत्मनिर्भरता को कमजोर कर सकता है।

वहीं, निदेशक प्रारंभिक शिक्षा के साथ हुई घटना को लेकर कांग्रेस ने भाजपा विधायक और उनके समर्थकों पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह कृत्य लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि संबंधित विधायक को तुरंत बर्खास्त किया जाए और निदेशक को न्याय दिलाया जाए।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो प्रदेशभर में उग्र आंदोलन किया जाएगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन पर होगी।

इस अवसर पर नगर अध्यक्ष भुवन पाड़े, वरिष्ठ नेता हरेंद्र बोरा, बीना जोशी, सईद अहमद, राजपाल, गुरदयाल मेहरा, नरेश चौधरी, और सभासद हेमंत पाड़े सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

कार्यक्रम में कांग्रेस ने जोर देकर कहा कि सरकार की यह निष्क्रियता और अधिकारियों के प्रति असुरक्षा की स्थिति आम जनता के लिए भी खतरा है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।