
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव को एसओपी तैयार करने के निर्देश दिए हैं।


यह निर्णय उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों की मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद लिया गया। मोर्चा ने 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना समेत हाल के समय में अन्य स्थानों पर सरकारी कर्मियों के साथ हुई घटनाओं पर चिंता जताई और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हमेशा कार्मिकों के मान-सम्मान और सुरक्षा को लेकर गंभीर रही है। उन्होंने इस मामले को लेकर मुख्य सचिव को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने डीजीपी उत्तराखंड को भी सरकारी कार्यालयों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और इस तरह की घटनाओं में त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विशेष रूप से एसएसपी देहरादून को भी शिक्षा निदेशालय में हुई घटना के दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के आदेश दिए।

इस अवसर पर राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रताप सिंह पंवार, उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के अध्यक्ष राम सिंह चौहान, महामंत्री मुकेश बहुगुणा एवं अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री का यह कदम अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को बढ़ाने और सरकारी कार्यस्थलों पर भयमुक्त माहौल सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

