उत्तराखंड में मौसम ने बदला रुख, पहाड़ों में हिमपात और मैदानों में वर्षा का दौर

उत्तराखंड में मौसम ने बदला रुख, पहाड़ों में हिमपात और मैदानों में वर्षा का दौर

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोट

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर मैदानों तक बादल मंडराने लगे हैं और वर्षा-बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। बीते कल दोपहर बाद चोटियों पर हिमपात दर्ज किया गया, जबकि निचले इलाकों में हल्की वर्षा से तापमान में गिरावट आई। पर्वतीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड लौट आई है।

मौसम विभाग के अनुसार, आज भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में वर्षा-बर्फबारी का क्रम जारी रह सकता है। बीते रविवार की बात करें तो देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह हल्की धूप खिली, लेकिन दोपहर तक बादल मंडराने लगे।

बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब और अन्य ऊंची चोटियों पर हिमपात का दौर शुरू हो गया। इसके अलावा केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री समेत आसपास के क्षेत्रों में भी बादलों का डेरा रहा और कहीं-कहीं हल्की वर्षा-बर्फबारी हुई।

कुमाऊं क्षेत्र में भी ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई और निचले इलाकों में वर्षा के आसार बने रहे। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से रात के समय मौसम में बदलाव महसूस किया गया।

हालांकि, देहरादून और आसपास के मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है, लेकिन आंशिक बादलों के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर के अनुसार, अगले दो दिन प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है।

आज उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। 3400-3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।

मैदानी क्षेत्रों में बारिश के आसार कम हैं, लेकिन आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में सावधान रहने और यात्रा के दौरान मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।