तोताघाटी में भूस्खलन की चपेट में ट्रक, चालक की दर्दनाक मौत

तोताघाटी में भूस्खलन की चपेट में ट्रक, चालक की दर्दनाक मौत

स्थान : देवप्रयाग
ब्यूरो रिपोट

देवप्रयाग के निकट सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ट्रक चालक की मौत हो गई। यह हादसा ऋषिकेश-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी के समीप सुबह लगभग 03:05 बजे हुआ, जब पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा और बड़े पत्थर गिरने लगे।

घटना के समय वहां से गुजर रहा ट्रक भूस्खलन की चपेट में आ गया। पत्थरों की मार इतनी भीषण थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह पिचक गया और चालक अंदर ही फंस गया। मलबे में दबने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान 55 वर्षीय मुरारी लाल के रूप में हुई है, जो चमोली जिले के निवासी थे।

भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग दोनों ओर से पूरी तरह बाधित हो गया। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात ठप हो गया।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम उप निरीक्षक सावर सिंह नेगी के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लगातार गिरते पत्थरों और अंधेरे के बीच टीम ने कड़ी मशक्कत की।

कड़ी मेहनत के बाद SDRF टीम ने मलबे में दबे ट्रक के केबिन को काटकर चालक के शव को बाहर निकाला। शव को पुलिस ने अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।

एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि जिला प्रशासन जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर मार्ग खोलने में जुटा हुआ है।

इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और भूस्खलन की संभावनाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों और वाहन चालकों को सतर्क रहने की अपील की गई है।