तोताघाटी में भूस्खलन से ट्रक दबा, चालक की मौत

तोताघाटी में भूस्खलन से ट्रक दबा, चालक की मौत

लोकेशन – ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोट

सोमवार तड़के ऋषिकेश-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी के समीप हुए भीषण भूस्खलन में एक ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 03:05 बजे हुआ, जब पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा और बड़े पत्थर गिरने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसी समय वहां से गुजर रहा एक ट्रक भूस्खलन की चपेट में आ गया। पत्थरों की मार इतनी भीषण थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह पिचक गया और चालक अंदर ही फंस गया। मलबे में दबने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान 55 वर्षीय मुरारी लाल के रूप में हुई है, जो चमोली जिले के निवासी थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और आपदा राहत दल सक्रिय हो गए।

भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग दोनों ओर से पूरी तरह बाधित हो गया। मार्ग बंद होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम उप निरीक्षक सावर सिंह नेगी के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लगातार गिरते पत्थरों और अंधेरे के बीच टीम को भारी जोखिम उठाना पड़ा।

कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ ने मलबे में दबे ट्रक के केबिन को काटकर चालक के शव को बाहर निकाला। राहत अभियान कई घंटों तक चला, जिसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका।

एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि शव को पुलिस ने अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

जिला प्रशासन जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को सुचारु करने में जुटा है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रहे भूस्खलन ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों की सुरक्षा और सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।लोकेशन- ऋषिकेश