खेड़ाजट में करतार सिंह भड़ाना का भव्य स्वागत, विकास का किया वादा

खेड़ाजट में करतार सिंह भड़ाना का भव्य स्वागत, विकास का किया वादा

स्थान : रूड़की
ब्यूरो रिपोट

रुड़की के खेड़ाजट गांव में उस समय भारी उत्साह का माहौल देखने को मिला, जब पूर्व मंत्री करतार सिंह भड़ाना गांव पहुंचे। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। पूरे गांव में समर्थकों के नारों से माहौल गूंज उठा।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक मौजूद रहे। स्वागत के बाद भड़ाना ने मीडिया से बातचीत करते हुए बेहद सरल और सीधे अंदाज में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उनका इस क्षेत्र से पुराना और भावनात्मक रिश्ता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वे सिर्फ चुनाव के समय क्षेत्र में आने वाले नेता नहीं हैं, बल्कि हमेशा लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं। उनका कहना था कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

भड़ाना ने गांवों के विकास को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि छोटे और बड़े गांवों की जरूरतों के अनुसार विकास निधि खर्च की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

अपनी पिछली चुनावी हार का जिक्र करते हुए वह भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि पिछली बार वह मात्र 212 वोटों से पीछे रह गए थे, लेकिन इस बार वह उस कमी को पूरा कर क्षेत्र का नक्शा बदलना चाहते हैं।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने वर्तमान विधायक पर तंज कसते हुए कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि इस बार कोई चूक न हो और विकास के लिए सही निर्णय लिया जाए।

इस अवसर पर गांव के गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। सभी ने भड़ाना को अपना पूरा समर्थन देने का भरोसा दिलाया और क्षेत्र में विकास की नई शुरुआत की उम्मीद जताई।