बीएमडब्ल्यू सवार युवकों ने चौकी इंचार्ज को मारी टक्कर, जांच शुरू

बीएमडब्ल्यू सवार युवकों ने चौकी इंचार्ज को मारी टक्कर, जांच शुरू

स्थान : डोईवाला
ब्यूरो रिपोट

लाल तप्पड़ पुलिस चौकी के पास चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने चौकी इंचार्ज को टक्कर मार दी। हादसे में चौकी इंचार्ज रघुवीर कपरूवान घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार घटना उस समय हुई जब पुलिस टीम नियमित वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान तेज गति से आ रही बीएमडब्ल्यू कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और टक्कर मार दी।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभाला और घायल चौकी इंचार्ज को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को सीज कर लिया है और कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है। वाहन में सवार अन्य युवकों से भी पूछताछ की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार कार चालक नशे की हालत में बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस द्वारा मेडिकल परीक्षण कराए जाने के बाद ही इसकी आधिकारिक पुष्टि होगी।

घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर यातायात को नियंत्रित कर स्थिति सामान्य की।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।