बाराकोट के सुंगरखाल में खेत में मूर्छित मिला गुलदार, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

बाराकोट के सुंगरखाल में खेत में मूर्छित मिला गुलदार, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

स्थान : चंपावत

ब्यूरो रिपोर्ट

विकास खंड बाराकोट की ग्राम पंचायत सुंगरखाल के तोक भनार में उस समय हलचल मच गई जब ग्रामीणों ने खेत में एक गुलदार को मूर्छित अवस्था में पड़ा देखा। सूचना मिलते ही क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

सामाजिक कार्यकर्ता भुवन सिंह अधिकारी एवं अन्य ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने गुलदार को अर्ध-मूर्छित अवस्था में पाया।

वन विभाग ने तत्परता दिखाते हुए गुलदार का रेस्क्यू किया और उसे छीड़ा स्थित लिसा डिपो में सुरक्षित रखा गया है। उपचार के लिए लोहाघाट से पशु चिकित्सक को बुलाया गया है। चिकित्सकीय जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि गुलदार मूर्छित कैसे हुआ।

ग्रामीणों ने बताया कि गुलदार पिछले दिन से ही खेत में पड़ा दिखाई दे रहा था, लेकिन डर के कारण कोई उसके पास जाने की हिम्मत नहीं कर सका। जब आज भी वह नहीं उठा तो वन विभाग को सूचना दी गई।

सूचना पर रेंजर राजेश कुमार जोशी और वन दरोगा प्रकाश गिरी गोस्वामी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का आकलन कर पिकअप वाहन की सहायता से गुलदार को सुरक्षित रेस्क्यू किया।

रेंजर राजेश जोशी ने बताया कि गुलदार नर है और उसकी उम्र लगभग 7 से 8 वर्ष आंकी गई है। फिलहाल उसे निगरानी में रखा गया है और पशु चिकित्सक की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

गुलदार को देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। छोटे-छोटे बच्चे भी उत्सुकता और रोमांच के साथ उसे देखते नजर आए, जबकि वन विभाग ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।