
स्थान – लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट
उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू हुए एक वर्ष पूरा होने पर राज्य सरकार द्वारा जिला और ब्लॉक मुख्यालयों पर यूसीसी दिवस महोत्सव आयोजित किए गए। इसी क्रम में लक्सर ब्लॉक मुख्यालय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।


कार्यक्रम में एबीडीओ पवन सैनी और नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी कामिल हसन ने हिस्सा लिया। उन्होंने क्षेत्र में यूसीसी का प्रचार-प्रसार करने और खासतौर पर महिलाओं को यूसीसी के तहत मिलने वाले अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति प्रेरित करने और जागरूकता बढ़ाने का प्रयास है।


दोनों अधिकारियों ने कहा कि यूसीसी लागू होने से सभी वर्ग और धर्मों के लोगों को समान लाभ प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि अब शादी, विवाह, तलाक और उत्तराधिकार जैसे मामलों में सभी के अधिकार समान रूप से सुनिश्चित किए गए हैं।

अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को शादी और लिविंग के लिए पंजीकरण करवाने के महत्व पर भी जानकारी दी और नागरिकों से इसे समय पर कराने का आग्रह किया।

यूसीसी दिवस के माध्यम से राज्य सरकार का उद्देश्य है कि सभी नागरिक अपने अधिकारों से परिचित हों और सामाजिक न्याय सुनिश्चित किया जा सके।


कार्यक्रम में स्थानीय महिला समूह, अधिकारी और नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई और समानता, न्याय और अधिकारों के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

