अल्मोड़ा में 77वां गणतंत्र दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया

अल्मोड़ा में 77वां गणतंत्र दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया

स्थान – अल्मोड़ा
रिपोर्टर – संजय जोशी

जनपद अल्मोड़ा में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। प्रातः नंदा देवी मंदिर से मुख्य बाजार होते हुए चौघानपाटा तक भव्य प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक शामिल हुए। प्रभात फेरी के माध्यम से देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित हुआ, जहां जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने झंडा फहराकर तिरंगे को सलामी दी। जिलाधिकारी ने संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई और सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इस अवसर पर उन्होंने सभी जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और संविधान के मूल्यों—न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व—को आत्मसात करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने उनके योगदान को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का बलिदान देश के लिए प्रेरणास्रोत है और आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों से सीख लेनी चाहिए।

अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने भी अपने विचार व्यक्त किए और संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण के लिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन जनहित में निरंतर कार्यरत है और समय के साथ खुद को अद्यतन रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

जिलाधिकारी ने मतदाता जागरूकता के तहत सभी प्रतिभागियों को मतदान की शपथ दिलाई और कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए शत प्रतिशत मतदान महत्वपूर्ण है।

पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी कदम उठाते हुए जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने डेयरी विभाग के एटीएम दुग्ध वाहन का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस पहल से दुग्ध उत्पादों की सहज उपलब्धता सुनिश्चित होगी और स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को प्रोत्साहन मिलेगा।

पूरा कार्यक्रम स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों, जिला स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। देशभक्ति गीतों और नारों से पूरे आयोजन का वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत रहा।