रुड़की में हिस्ट्रीशीटर राशिद सुल्तान का तमंचा लहराते वीडियो वायरल, प्रशासन में हड़कंप

रुड़की में हिस्ट्रीशीटर राशिद सुल्तान का तमंचा लहराते वीडियो वायरल, प्रशासन में हड़कंप

स्थान – रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

रुड़की के भगवानपुर थाना क्षेत्र में एक बार फिर हिस्ट्रीशीटर राशिद सुल्तान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वह तमंचा लहराते दिखाई दे रहा है।

वीडियो में राशिद मोबाइल पर वीडियो कॉल के जरिए किसी से बात कर रहा है। कॉल के दूसरी तरफ बैठे युवक की मांग पर, राशिद के बगल में बैठा युवक देसी तमंचा निकालकर कैमरे के सामने लहराता है।

वीडियो में दूसरी तरफ बैठा युवक कहता है— “अब मुझे तसल्ली हो गई।” यह बातचीत साफ दर्शाती है कि इन अपराधियों के मन में पुलिस और प्रशासन का कोई भय नहीं है।

राशिद सुल्तान कोई नया नाम नहीं है। जिले के अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले भी बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुका है और जेल की सजा भी काट चुका है। जेल से बाहर आने के बाद भी वह हथियारों का यह प्रदर्शन कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा है।

इस वीडियो के वायरल होने के बाद भगवानपुर पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

विशेषज्ञों और आम जनता में सवाल उठ रहे हैं कि बार-बार जेल जाने के बावजूद इन अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं? क्या पुलिस की कार्रवाई केवल कागजी कार्रवाई तक ही सीमित रह जाती है, या सख्ती से अपराधियों के मन में डर पैदा किया जा सकता है? इस घटना ने कानून व्यवस्था और पुलिस की प्रभावशीलता पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।