उत्तरकाशी में जमकर बर्फबारी, गंगोत्री-यमुनोत्री सहित ऊँचाई वाले क्षेत्र बर्फ से ढके

उत्तरकाशी में जमकर बर्फबारी, गंगोत्री-यमुनोत्री सहित ऊँचाई वाले क्षेत्र बर्फ से ढके

स्थान : उत्तरकाशी
ब्यूरो रिपोर्ट

सीमांत जनपद उत्तरकाशी में आज सुबह से ही मौसम ने तीखा रुख अपनाते हुए ऊँचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी शुरू कर दी है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के साथ ही हर्षिल घाटी, चोरंगी खाल और आसपास के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार हिमपात हो रहा है।

लंबे इंतजार के बाद हुई इस बर्फबारी को लोग प्रकृति का अनमोल उपहार मान रहे हैं। बर्फ से ढकी पहाड़ियों और घाटियों ने पूरे क्षेत्र की सुंदरता को और बढ़ा दिया है। इस नज़ारे को देखने के लिए पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चोरंगी खाल में बर्फबारी के चलते बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे, लेकिन भारी हिमपात के कारण यहां कई वाहन फंस गए हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो गया है।

बर्फबारी जहां पर्यटन के लिहाज से खुशी लेकर आई है, वहीं रोजमर्रा के कामकाज के लिए घर से निकलने वाले स्थानीय लोगों के लिए मुश्किलें भी खड़ी हो गई हैं। ठंड में अचानक बढ़ोतरी के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

स्थिति को संभालने के लिए लोक निर्माण विभाग की टीमें मौके पर तैनात हैं। बर्फ हटाने और फंसे वाहनों को सुरक्षित बाहर निकालने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।

प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे मौसम को देखते हुए ही यात्रा करें और ऊँचाई वाले क्षेत्रों की ओर जाते समय आवश्यक सावधानी बरतें।