
स्थान- खटीमा
रिपोर्ट- अशोक सरकार

मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा नगर की सितारगंज रोड पर नवनिर्मित महाराणा प्रताप हाईटेक रोडवेज बस स्टेशन का विधि-विधान से पूजा-पाठ कर उद्घाटन किया। करीब ढाई बीघा भूमि पर निर्मित इस बस स्टेशन पर लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत आई है।


उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हाईटेक बस स्टेशन सभी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि यह बस स्टेशन न केवल खटीमा के लोगों के लिए बल्कि आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी बेहद उपयोगी सिद्ध होगा।


मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को बेहतर यातायात और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि आधुनिक बस स्टेशनों के निर्माण से जहां यात्रियों को सुविधा मिलेगी, वहीं क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि प्रदेश सरकार जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास की गति को लगातार आगे बढ़ाएगी।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद लोगों में उत्साह देखने को मिला और उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
नया हाईटेक रोडवेज बस स्टेशन खटीमा क्षेत्र के लिए यातायात व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

