
स्थान – बनबसा (चम्पावत)
ब्यूरो रिपोर्ट


चंपावत जिले के सीमांत क्षेत्र बनबसा की चंदनी ग्राम सभा में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत जनता दरबार का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कैंप कार्यालय टनकपुर द्वारा ग्राम प्रधान प्रमिला ज्याल के निवेदन पर लगाए गए इस जनता दरबार में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे।

जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी खाती, उप जिला अधिकारी पूर्णागिरि तहसील, तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान प्रमिला ज्याल सक्रिय रूप से जनता की समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखती नजर आईं।



मुख्य विकास अधिकारी खाती ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उनके समक्ष कुल 27 शिकायतें आईं, जिनका मौके पर ही त्वरित निराकरण कर दिया गया। कुछ प्रस्ताव ऐसे भी मिले हैं जिन्हें शासन को भेजा जाएगा और उन पर जल्द कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


ग्राम प्रधान प्रमिला ज्याल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सभी विभागीय अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की यह पहल जनता को सीधे अपनी बात रखने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि जनता दरबार से गांव में जागरूकता बढ़ी है और लोग अपनी समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाकर समाधान पा रहे हैं। जो प्रस्ताव बचे हैं, उन्हें शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा ताकि जल्द समाधान हो सके।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रेम सिंह ज्याल, विधायक प्रतिनिधि दीपक चंद, मुख्य विकास अधिकारी चंपावत, उप जिला अधिकारी आकाश जोशी, जिला पंचायत सदस्य सरोज चंद, नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा देवी, कैंप कार्यालय प्रभारी जीवन नेगी, बनबसा मंडल अध्यक्ष कमलेश भट्ट, तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


