

स्थान: पौड़ी
रिपोर्ट: जय ममगाई

नगर पालिका ने शहर की सड़कों पर घूम रहे और लोगों को घायल कर रहे नंदियों पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर पालिका पौड़ी की टीम ने ऐसे नंदियों को पकड़कर कल्जीखाल स्थित स्लैथ गौधाम में भेजना शुरू किया है।

गौधाम में गायों, बछड़ों और नंदियों को रखने की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। साथ ही, पशुओं के लिए पर्याप्त चारा और खुले मैदान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।





नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने बताया कि पालिका क्षेत्र में लोगों को चोटिल करने वाले नंदियों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का कार्य लगातार जारी है। अब तक दो नंदियों को सुरक्षित रूप से गौधाम भेजा जा चुका है।

अध्यक्ष ने कहा कि गौधाम, नगर मुख्यालय से लगभग 26 किलोमीटर दूर स्थित है और यहां सभी पशुओं के लिए बेहतर देखभाल और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध है।


हिमानी नेगी ने आगे कहा कि यह अभियान शहर में दुर्घटनाओं को रोकने और आमजन को सुरक्षा देने के उद्देश्य से जारी रहेगा। नगर पालिका का लक्ष्य है कि पौड़ी को पशु-मुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।
यह कदम शहरवासियों और विशेषकर उन लोगों के लिए राहत की खबर है, जिन्हें पहले नंदियों से चोट लगने की समस्या का सामना करना पड़ता था।





