

स्थान – बाजपुर
रिपोर्टर – भूपेंद्र सिंह पन्नू

मंगलवार को श्री रामभवन धर्मशाला में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान आशा ब्लॉक कोआर्डिनेटर बृजबाला शर्मा ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि सभी बैठकें नियमानुसार आयोजित की गई थीं और संबंधित आशाओं को समय से सूचित किया गया था, बावजूद इसके कुछ कर्मी जानबूझकर बैठक में शामिल नहीं हुए।




बृजबाला शर्मा ने बताया कि 27 अगस्त को आशा चयन बैठक की सूचना सभी संबंधितों को व्हाट्सएप और कॉल के माध्यम से दी गई थी। इसके बाद 8 सितंबर को भी बैठक की सूचना पुनः भेजी गई। लेकिन सरोज यादव 9 सितंबर की बैठक में अनुपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गुप्ता, ब्लॉक कोआर्डिनेटर और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा भी कॉल की गई, लेकिन फिर भी वह बैठक में शामिल नहीं हुईं।



शर्मा ने बताया कि सीएमओ कार्यालय, सीएचसी केलाखेड़ा, सीएचसी बाजपुर और जिला कमेटी मोबिलाइज को समय पर बैठक की जानकारी मेल द्वारा भी भेजी गई थी। उनके पास सभी काल रिकॉर्ड, व्हाट्सएप संदेश और मेल की प्रतियां सुरक्षित हैं।


उन्होंने अधिकारियों से मांग की कि क्षेत्र की सभी आशाओं के कार्य, संस्थागत और निजी प्रसव, पीएलए और बीएचएसएनसी बैठकों की भी जांच की जाए। बृजबाला शर्मा ने कहा कि वह 2006 से सेवा दे रही हैं और पहली बार मीडिया के माध्यम से सच्चाई सामने लाने के लिए आगे आई हैं।
साथ ही उन्होंने कुछ आशाओं पर बेवजह मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया और तीन लोगों से अपनी सुरक्षा को लेकर खतरे की बात भी कही।



