अयोध्या दीपोत्सव में ऑनलाइन दीया जलाने की सुविधा, श्रद्धालुओं को प्रसाद भी मिलेगा

अयोध्या दीपोत्सव में ऑनलाइन दीया जलाने की सुविधा, श्रद्धालुओं को प्रसाद भी मिलेगा

अयोध्या। इस बार दिवाली पर अयोध्या के भव्य दीपोत्सव में श्रद्धालुओं को डिजिटल अनुभव का मौका मिलेगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने ऑनलाइन दीया जलाने की व्यवस्था शुरू की है, ताकि दुनिया भर के लोग भी वर्चुअल रूप से इस आयोजन में भाग ले सकें।

अयोध्या दीपोत्सव 2025 में 26 लाख से अधिक दीयों के जलाने के साथ ही 2100 श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक महाआरती कर विश्व कीर्तिमान बनाने की तैयारी है। डिजिटल पहल “एक दीया राम के नाम” के तहत अब श्रद्धालु कहीं से भी ऑनलाइन एक दीया जला सकेंगे।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि श्रद्धालु दिव्य अयोध्या ऐप के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर वर्चुअल दीप जलाकर भगवान श्रीराम के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस ऐप पर श्रद्धालुओं के लिए तीन पैकेज उपलब्ध हैं:

  • राम ज्योति (₹2100): रोली, सरयू जल (पीतल लोटे में), अयोध्या रज, रामदाना, मिश्री, रक्षा सूत्र, हनुमानगढ़ी के लड्डू और चरण पादुका। ऑनलाइन संकल्प पूरा करने पर यह पूरा प्रसाद घर तक पहुंचाया जाएगा।
  • सीता ज्योति (₹1100): माता सीता को समर्पित, जिसमें रोली, सरयू जल, रामदाना, रक्षा सूत्र और हनुमानगढ़ी के लड्डू शामिल हैं।
  • लक्ष्मण ज्योति (₹501): रोली, अयोध्या रज, रामदाना, रक्षा सूत्र और मिश्री शामिल हैं।

मंत्री ने बताया कि श्रद्धालु इस ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं और अपने घर पर ऑनलाइन संकल्प के साथ दिव्य अनुभव प्राप्त कर सकते हैं।