औली पर्यटन ठंडे मौसम में सुस्त, रोप वे संचालन फिर से शुरू करने की मांग तेज

औली पर्यटन ठंडे मौसम में सुस्त, रोप वे संचालन फिर से शुरू करने की मांग तेज

रिपोर्ट: संजय कुंवर
स्थान: औली ज्योर्तिमठ

शीतकालीन पर्यटन स्थली औली में इस मौसम में पर्यटकों की संख्या कम होने से स्थानीय पर्यटन कारोबार प्रभावित हुआ है। बद्रीनाथ धाम की यात्रा अपने चरम पर होने के बावजूद औली में केवल गिने-चुने पर्यटक ही पहुँच रहे हैं। इसका असर स्थानीय ढाबा संचालक, गाइड, जिप्सी और घोड़ा-खच्चर संचालक, तथा अन्य पर्यटन व्यवसायियों पर साफ दिखाई दे रहा है।

स्थानीय कारोबारियों और पर्यटन विशेषज्ञों का कहना है कि ज्योर्तिमठ-औली रोप वे को जल्द से जल्द फिर से सुचारु करने की आवश्यकता है। दरअसल, 5 जनवरी 2023 को ज्योर्तिमठ नगर क्षेत्र में हुए भू-धंसाव के कारण सुरक्षा की दृष्टि से रोप वे को बंद कर दिया गया था। इसके कारण पूरे क्षेत्र के पर्यटन कारोबार का लगभग एक तिहाई हिस्सा प्रभावित हुआ और GMVN को पिछले ढाई साल में करीब 15 करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान हुआ।

GMVN औली चेयर लिफ्ट प्रभारी राजेंद्र प्रसाद डिमरी ने माना कि रोप वे बंद होने से पर्यटकों की आमद काफी कम हो गई है। होटल व्यवसायी रविंद्र कंडारी ने कहा कि अब भू-धंसाव रुक चुका है और सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित किए जा चुके हैं, इसलिए रोप वे संचालन को जल्द शुरू किया जाना चाहिए।

स्थानीय स्टेक होल्डरों का कहना है कि पर्यटन क्षेत्र की स्थिति को सुधारने के लिए सभी को मिलकर आवाज उठानी होगी। इस बीच, पर्यटन विभाग और GMVN स्तर पर उच्च अधिकारियों के साथ वार्ता जारी है। कारोबारियों और पर्यटकों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश सरकार को इस दिशा में ठोस और शीघ्र कदम उठाने की आवश्यकता है।