


स्थान: सितारगंज
रिपोर्ट: मो आरिफ

किसानों के लिए राहत भरी खबर — इस वर्ष सरकार द्वारा धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2369 प्रति क्विंटल तय किया गया है, जिसका सीधा लाभ प्रदेश के किसानों को मिल रहा है। कृषि अनाज मंडी में अब तक 50 हजार क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है।





कृषि अनाज मंडी के सचिव विनोद चंद ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए मंडी परिसर में धान सुखाने की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके। उन्होंने कहा कि किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य का पूरा लाभ दिया जा रहा है।



वहीं वरिष्ठ विपणन अधिकारी विनय चौधरी ने बताया कि बड़े किसान सरकारी कांटों पर अपने धान की तुलाई करा रहे हैं, जबकि छोटे किसान अभी भी कम मात्रा में धान लेकर पहुंच रहे हैं। उन्होंने छोटे किसानों से अपील की कि वे अपनी फसल को सीधे मंडी में लेकर आएं — जहां उसी दिन तुलाई कर भुगतान की व्यवस्था की गई है।




उन्होंने कहा कि छोटे किसान निजी व्यापारियों को फसल बेचकर नुकसान न उठाएं, बल्कि सरकार की ओर से तय न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का लाभ उठाएं।
“सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मंडियों में पारदर्शी व्यवस्था के साथ हर किसान को उचित मूल्य मिल रहा है।” — विनय चौधरी, वरिष्ठ विपणन अधिकारी



