


लोकेशन- ऋषिकेश

संवाददाता- सागर रस्तोगी

नगर निगम क्षेत्र के शिवाजी नगर की मेन रोड और आंतरिक मार्गों की हालत बद से बत्तर हो गई है। हालात ऐसे हैं कि वाहन तो छोड़िए, पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। पिछले दो साल से लोग खस्ता हाल सड़कों पर चलते हुए अपनी जान का जोखिम उठा रहे हैं।




बीते वर्ष पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए पूरे शिवाजी नगर की सड़कों को खोदा गया था। अब सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़कों को फिर से खोदा जा रहा है। जहां सीवर लाइन बिछाई जा चुकी है, वहां ठेकेदार मिट्टी भरने के बाद सड़क का समतलीकरण नहीं कर रहा है, जिससे सड़कें जगह-जगह उबड़-खाबड़ हो गई हैं।



स्थानीय लोगों का कहना है कि इस लापरवाही के कारण यदि किसी बीमार को अस्पताल ले जाना पड़े तो एंबुलेंस भी आंतरिक मार्गों पर नहीं चल सकती। उन्होंने बताया कि कई बार नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से संपर्क किया गया, लेकिन अभी तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।


इस मामले में मेयर शंभू पासवान ने कहा कि शिवाजी नगर की खस्ताहाल सड़कों का निरीक्षण किया जाएगा। जहां सीवर लाइन बिछाई जा चुकी है, वहां जल्द ही सड़कों को दुरुस्त करने का प्रयास किया जाएगा।




