बिरोखाल में बाघ का आतंक: ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा की मांग की

बिरोखाल में बाघ का आतंक: ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा की मांग की

रिपोर्ट : भगवान‌ सिंह
स्थान : बिरोखाल

पौड़ी गढ़वाल: जिले के चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के बिरोखाल ब्लॉक में बाघ दिखाई देने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शुक्रवार सुबह लगभग 6:00 बजे स्कूली बच्चों द्वारा विद्यालय के रास्ते पर बाघ देखे जाने की सूचना पर ग्रामीण बड़ी संख्या में लाठी-डंडे लेकर सुरक्षा हेतु मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों ने बताया कि सींदूड़ीगाड़, घुणैणा, मैठाणाधार, केदारगली सहित कई गांवों में बाघ और गुलदार बार-बार दिखाई दे रहे हैं, जिससे बच्चों और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। इस घटना के बाद ग्राम प्रधान अनिल नेगी और अन्य ग्रामीण वन विभाग को सूचना देने के लिए पहुंचे।

वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है। ग्रामीणों ने पिंजरा लगाने और क्षेत्र में बाघ के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है ताकि किसी प्रकार की मानव-वन्य जीव संघर्ष की घटना न घटे।

कुलदीप सिंह नेगी ने बताया कि क्षेत्र में बाघ और गुलदार दिखाई देने की शिकायतें पहले भी मिल चुकी हैं और वन विभाग इस संबंध में सतर्क है।