ऋषिकेश में निर्माणाधीन इमारत से गिरी ट्रॉली, मजदूर गंभीर रूप से घायल

ऋषिकेश में निर्माणाधीन इमारत से गिरी ट्रॉली, मजदूर गंभीर रूप से घायल

स्थान। ऋषिकेश

रिपोर्ट। खुशबू गौतम

तीसरी मंजिल से सिर पर गिरा भारी मलबा, CCTV में कैद हुआ हादसा; लापरवाही पर परिजनों ने उठाई कार्रवाई की मांग

10 सितंबर: तीर्थनगरी ऋषिकेश में एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत में हुई गंभीर लापरवाही ने एक मजदूर की जान खतरे में डाल दी। तीसरी मंजिल से ईंट-रेत ले जाने वाली भारी ट्रॉली गिरने से 35 वर्षीय मजदूर नितिन, निवासी बनखंडी, गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा CCTV कैमरे में कैद हुआ है, जिसकी फुटेज अब सामने आ चुकी है।

घटना ऋषिकेश-हरिद्वार मार्ग पर कोयल घाटी के पास एक टायर दुकान के पीछे गली में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान घटी। सुबह करीब 10 बजे जब तीसरे लिंटर पर काम चल रहा था, उसी दौरान ट्रॉली अचानक टूटकर नितिन के सिर पर गिर गई।

गंभीर हालत में भर्ती, जीवन-मृत्यु की जंग जारी

हादसे के तुरंत बाद नितिन को स्थानीय अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार सिर में गहरी चोटें आई हैं और वह अभी कोमा जैसी स्थिति में है।

सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर ना तो कोई बैरिकेडिंग की गई है, ना ही सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा है। राहगीरों और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह लापरवाही बरती जा रही है।

परिजन भटक रहे न्याय के लिए

घायल नितिन के परिजन निर्माणकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि निर्माणकर्ता ने ना तो हादसे के बाद मदद की और ना ही इलाज का खर्च उठाने की पहल की है।

प्रशासन और श्रम विभाग पर उठे सवाल

घटना ने प्रशासन और श्रम विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।