

संवाददाता – प्रवेश राय

खंजरपुर में बिना लाइसेंस संचालित गोदाम से कोबरा और वाइपर जब्त, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

रुड़की, 10 सितंबर: रुड़की के खंजरपुर क्षेत्र में वन विभाग ने एक अवैध गोदाम पर छापेमारी कर सांपों के ज़हर की तस्करी का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 70 कोबरा और 16 रसैल वाइपर सहित कुल 86 ज़हरीले सांप बरामद किए गए हैं। गोदाम बिना किसी वैध लाइसेंस के संचालित किया जा रहा था।




यह कार्रवाई शिकायतकर्ता गौरव गुप्ता द्वारा दी गई सूचना के आधार पर की गई। वन विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची, तो गोदाम में सांपों को संरक्षित स्थिति में रखा गया था, लेकिन गोदाम का मालिक फरार मिला।



वन विभाग के उप प्रभागीय अधिकारी सुनील बालोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह छापेमारी पीपल फॉर एनिमल्स (PFA) की शिकायत पर की गई थी। बरामद सभी सांप भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत संरक्षित प्रजातियों में आते हैं। उन्हें तत्काल प्रभाव से कब्जे में ले लिया गया है।


उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम (Wildlife Protection Act) के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।



