नेपाल की स्थिति को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ाई गई चौकसी

नेपाल की स्थिति को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ाई गई चौकसी

स्थान: चंपावत
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

चंपावत पुलिस और एसएसबी ने शुरू किया गश्त और चेकिंग अभियान, एसपी ने जारी की सतर्कता की अपील

नेपाल में जारी अशांत हालात को देखते हुए एसपी चंपावत अजय गणपति के निर्देश पर भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। चंपावत पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) द्वारा टनकपुर, बनबसा और पंचेश्वर जैसे सीमावर्ती इलाकों में गश्त, चेकिंग और कॉम्बिंग अभियान तेज कर दिए गए हैं।

एसपी अजय गणपति ने जानकारी दी कि शारदा (काली) नदी के किनारे और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियां लगातार कड़ी निगरानी रख रही हैं। खुफिया तंत्र को भी सक्रिय किया गया है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत मिल सके।

उन्होंने जनता से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि नेपाल यात्रा को लेकर भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

नेपाल में निषेधाज्ञा लागू

नेपाल प्रशासन ने कंचनपुर जिले के महेंद्र नगर में हालिया आगजनी, पथराव और तोड़फोड़ की घटनाओं को देखते हुए अगले आदेश तक निषेधाज्ञा (धारा 144) लागू कर दी है। इसके तहत:

  • जिले की सीमा में प्रवेश और निकास पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
  • सभा, जुलूस, प्रदर्शन, बैठक या घेराबंदी पर रोक है।
  • 5 या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

भारतीय नागरिकों के लिए अपील

नेपाल प्रशासन और भारतीय एजेंसियों ने संयुक्त रूप से भारतीय नागरिकों से अनुरोध किया है कि:

  • नेपाल की वर्तमान स्थिति सामान्य होने तक यात्रा स्थगित करें।
  • नेपाल में रह रहे भारतीय नागरिक अपने निवास स्थलों पर ही रहें, अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें।
  • किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें।