टौंस नदी में ट्राली से गिरकर किशोरी लापता, SDRF का रेस्क्यू अभियान जारी

टौंस नदी में ट्राली से गिरकर किशोरी लापता, SDRF का रेस्क्यू अभियान जारी

स्थान-विकासनगर

संवाद्दाता-सतपाल धानिया

विकासनगर के सीमांत क्षेत्र त्यूणी थाना अंतर्गत मोरी इलाके में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जब एक किशोरी ट्राली पुल से टौंस नदी पार करते वक्त असंतुलन के चलते नदी की तेज धारा में बह गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस के अनुसार, किशोरी क्यारी गांव से ट्राली के जरिए नदी पार कर अपने गांव बंखवाड़ लौट रही थी। इसी दौरान ट्रॉली में सफर करते समय संतुलन बिगड़ने से वह अचानक ट्रॉली से फिसल गई और सीधे गहरी टौंस नदी में जा गिरी।

घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत शोर मचाकर स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना त्यूणी पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

हालांकि, नदी की तेज धारा और अत्यधिक गहराई के कारण देर शाम तक किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका। SDRF की टीम ने रेस्क्यू अभियान को जारी रखते हुए नदी की गहराइयों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। स्थानीय प्रशासन की निगरानी में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।

इस घटना ने एक बार फिर सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षित यातायात के साधनों की कमी और बुनियादी ढांचे की खस्ताहाली को उजागर कर दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द स्थायी पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।