

स्थान-काशीपुर

संवाद्दाता-अज़हर मलिक



काशीपुर में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए भारत की प्रगति और विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “आज पूरा विश्व भारत की ताकत को स्वीकार कर रहा है और मोदी जी के नेतृत्व में देश नई ऊँचाइयों को छू रहा है।”



मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अब दुनिया का सबसे तेज़ी से बढ़ता हुआ अर्थव्यवस्था (ग्रोथ इंजन) बन चुका है। उन्होंने हालिया जीडीपी आंकड़ों का ज़िक्र करते हुए बताया कि “जहां इस तिमाही में GDP 6.5% रहने का अनुमान था, वहीं यह बढ़कर 7.8% पर पहुँच गई है, जो भारत की आर्थिक मजबूती का प्रमाण है।”


अपने संबोधन में धामी ने कश्मीर मुद्दे, डिजिटल इंडिया, जीएसटी सुधार, और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर भी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि “आज हर महिला के हाथ में यूपीआई चल रहा है। मोदी सरकार ने जीएसटी को कम कर आम जनता को राहत पहुंचाई है।”

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की प्रगति का भी उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में निवेश की रफ़्तार तेज़ी से बढ़ रही है, और 2023 में इसके लिए एक मजबूत आधार तैयार किया गया था। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले वर्षों में उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।
सम्मेलन स्थल पर मौजूद प्रबुद्धजन, उद्योगपति और समाजसेवियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन का ताली बजाकर स्वागत किया, और उनके विचारों को सराहा।




