मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन और पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश दिए

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन और पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश दिए

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को आपदा प्रबंधन, कानून व्यवस्था और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देने के व्यापक निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री आवास में हुई उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने बरसात के बाद पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने, चारधाम यात्रा को सुचारु रूप से संचालित कराने और सेवा पखवाड़ा तथा स्वच्छता अभियान की विस्तृत तैयारी करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता को त्वरित राहत, सुरक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बारिश खत्म होते ही मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्यों में प्रशासनिक मशीनरी सक्रिय रहे। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, ड्राई राशन, भोजन और ठहरने की सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। फसलों, पेयजल लाइन और सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान का त्वरित आकलन कर रिपोर्ट भेजी जाए।

कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने अनधिकृत आधार कार्ड, वोटर आईडी, कनेक्शन जारी करने वालों पर कार्रवाई का आदेश दिया। सीमावर्ती इलाकों में सख्ती बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और गौवंश संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा गया।

स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर देते हुए डेंगू, मलेरिया जैसे जलजनित रोगों से बचाव के लिए अस्पतालों की तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। सभी जिलाधिकारी स्वास्थ्य विभाग की शीघ्र बैठक करें।

पुनर्निर्माण कार्यों में स्थानीय मजदूरों को प्राथमिकता देने के साथ-साथ गांवों और शहरों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया। मानसून के बाद चारधाम यात्रा सतर्कता के साथ सुचारु रूप से चलनी चाहिए और श्रद्धालुओं को खराब मौसम की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री ने 17 सितंबर से गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़ा आयोजित करने के लिए तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए। स्वच्छता अभियान के तहत जिलाधिकारी स्वयं हर सप्ताह एक दिन स्वच्छता कार्यक्रम में भाग लें और क्षतिग्रस्त सड़कों को जल्द सुधारने पर विशेष ध्यान दें।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने 1905 सीएम हेल्पलाइन और 1064 एंटी करप्शन कैंपेन को निरंतर सक्रिय रखने, डिजास्टर वॉलंटियर और संकट मोचन दल के मॉक ड्रिल कराने और नकली दवाओं के निर्माण व बिक्री में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई का भी आदेश दिया।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, डीजीपी दीपम सेठ, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।