

स्थान-रूड़की

संवाद्दाता-प्रिंस शर्मा



BSM इंटर कॉलेज, रुड़की में आयोजित तीसरी इंटर स्कूल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जिलेभर के 42 विद्यालयों के सैकड़ों खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन ने न केवल खिलाड़ियों के प्रदर्शन को मंच प्रदान किया, बल्कि खेलों के प्रति नई ऊर्जा और प्रेरणा भी जगाई।



कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीएसएम शिक्षण संस्थान के प्रबंधक और वरिष्ठ अधिवक्ता श्री ममतेश शर्मा ने चैंपियनशिप का विधिवत शुभारंभ स्वर्गीय बाबू मनोहर लाल शर्मा एडवोकेट के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। उन्होंने कहा कि उनके स्वर्गीय पिताजी खेलों के प्रबल समर्थक रहे हैं और उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए संस्थान खेलों को निरंतर बढ़ावा दे रहा है।



श्री शर्मा ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा, “एक विद्यार्थी के जीवन में पढ़ाई के साथ-साथ खेलों का भी अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। उत्तराखंड सरकार भी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए सराहनीय कार्य कर रही है।”

प्रतियोगिता के कोच मोहम्मद याकूब ने बताया कि प्रतियोगिता के प्रति खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लिया, और कई मुकाबले रोमांचक रहे।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य कैप्टन अजय कौशिक ने भी खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए विजेताओं को गोल्ड, सिल्वर और कांस्य पदक तथा मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता के अंत में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।



