ऋषिकेश में नकली धूपबत्ती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, दो व्यापारी गिरफ्तार

ऋषिकेश में नकली धूपबत्ती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, दो व्यापारी गिरफ्तार

लोकेशन- ऋषिकेश

संवाददाता- सागर रस्तोगी

शहर में ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली धूपबत्ती बेचने वाले दो व्यापारियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान पुलिस और कंपनी अधिकारियों ने कुल 206 डिब्बे नकली धूपबत्ती बरामद किए। आरोपियों के खिलाफ संबंधित कंपनी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम जांच शुरू कर दी गई है।

कोतवाल प्रदीप राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि डेनिम डीलक्स धूपबत्ती का निर्माण करने वाली अनंत इंडस्ट्रीज, भोपाल के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि ऋषिकेश के बस अड्डा रोड, आदर्श ग्राम क्षेत्र में कुछ व्यापारी उनकी ब्रांड के नाम से नकली धूपबत्ती बेच रहे हैं। कंपनी की शिकायत पर बस अड्डा चौकी प्रभारी नवीन डंगवाल, निखलेश बिष्ट और विनय शर्मा ने पुलिस टीम और कंपनी अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान संजय ट्रेडिंग कंपनी से 170 डिब्बे और श्री गंगा फॉर्म नाम की दुकान से 36 डिब्बे नकली धूपबत्ती बरामद किए गए। छानबीन के दौरान व्यापारी किसी भी प्रकार का जीएसटी बिल प्रस्तुत नहीं कर सके, जिससे उनकी संलिप्तता और भी स्पष्ट हो गई।

पुलिस ने मौके से नकली माल को जब्त कर कोतवाली पहुंचाया और दोनों व्यापारियों के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

नकली उत्पादों के खिलाफ सख्ती जरूरी:
इस घटना से एक बार फिर यह स्पष्ट हो गया है कि नकली उत्पादों का धंधा बड़े पैमाने पर ब्रांड्स और उपभोक्ताओं दोनों को नुकसान पहुंचा रहा है। पुलिस और संबंधित कंपनियों की सक्रियता ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए बेहद जरूरी है।