रामनगर-भंडारपानी मार्ग पर उफनते नाले में बही बाइक, युवक तैरकर बचा, प्रशासन ने समय रहते बचाई स्थिति

रामनगर-भंडारपानी मार्ग पर उफनते नाले में बही बाइक, युवक तैरकर बचा, प्रशासन ने समय रहते बचाई स्थिति

रिपोर्टर नाम-: आसिफ इक़बाल

लोकेशन-: रामनगर

रविवार दोपहर रामनगर-भंडारपानी मार्ग पर स्थित जनेरिया बरसाती नाले में एक बाइक के बहने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। तेज बहाव के चलते तत्काल रेस्क्यू संभव नहीं हो पाया, लेकिन जैसे ही पानी का स्तर कम हुआ, प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर बाइक को बरामद कर लिया।

तहसीलदार मनीषा मारकाना ने दी जानकारी
रामनगर की तहसीलदार मनीषा मारकाना ने बताया कि उन्हें जिला कंट्रोल रूम से सूचना प्राप्त हुई थी कि जनेरिया नाले में एक बाइक सहित व्यक्ति के बहने की आशंका है। मौके पर पहुंचने के बाद बरसाती नाले का जलस्तर अधिक होने के कारण थोड़ी देर इंतजार किया गया और जलस्तर कम होते ही बचाव कार्य प्रारंभ किया गया।

बाइक का नंबर ट्रेस कर हुआ खुलासा
नाले से बरामद की गई बाइक का नंबर UK18T 3203 था, जिससे बाइक के मालिक की पहचान मालधन पटरानी गांव निवासी पंकज के रूप में हुई। जांच में पता चला कि पंकज भंडारपानी से रामनगर की ओर आ रहा था और रास्ते में उसने एक राहगीर को लिफ्ट दी थी। जब नाले के पास तेज बहाव देखा गया, तो वह राहगीर पहले ही उतर गया, लेकिन पंकज ने बाइक से नाला पार करने की कोशिश की।

तैरकर निकला युवक, परिवार को मिली राहत
बाइक सहित नाले में बहने के बाद पंकज कुछ दूरी तक बहता चला गया, लेकिन साहस का परिचय देते हुए तैरकर नाले से बाहर निकल आया और सुरक्षित रूप से घर लौट गया। राहगीरों ने उसे बहते हुए देखा और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद रेस्क्यू शुरू किया गया।

प्रशासन ने की अपील
तहसीलदार मनीषा मारकाना ने इस घटना को प्रशासन की त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावी समन्वय का उदाहरण बताया। साथ ही उन्होंने स्थानीय नागरिकों से बरसाती नालों के पास अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए प्रशासन लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है और स्थानीय लोगों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है