



लक्सर-बिजनौर स्टेट हाईवे पर डुमनपुरी और कलसिया के बीच एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से गाय की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे को जाम कर दिया और एक वाहन में आग लगा दी।




घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति बेकाबू होती देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। ग्रामीणों द्वारा पुलिस पर पथराव भी किया गया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।


स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की फोर्स मौके पर बुला ली गई है। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ उग्र बनी रही। हाईवे पर लंबा जाम लग गया और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बाधित हो गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं और उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद हैं।

इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर बेसहारा पशुओं की समस्या और उनकी सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों को हवा दे दी है।



