

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी


लालकुआँ क्षेत्र के बिन्दुखत्ता स्थित मुख्य बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब प्रेम ट्रेडर्स नामक इलेक्ट्रिक स्कूटी शोरूम में देर रात भीषण आग लग गई। आग के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन शोरूम में रखी करीब 100 ई-स्कूटी और 40 लाख रुपये की बैटरियाँ सहित लाखों का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया।

रात 2 बजे लगी आग, बैटरियों के धमाके से मची दहशत

प्रत्यक्षदर्शी सुनील शर्मा ने बताया कि रात करीब 2 बजे तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी। जब वह घर से बाहर निकले तो देखा कि शोरूम में भीषण आग लगी हुई थी और बैटरियों के फटने से जोर-जोर की आवाजें आ रही थीं। उन्होंने तत्काल 112 आपातकालीन नंबर और शोरूम स्वामी को सूचना दी।




दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, आग इतनी भयावह थी कि एक दमकल वाहन से काबू नहीं पाया जा सका। बाद में दूसरे दमकल वाहन को बुलाया गया और लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

शोरूम पूरी तरह जलकर खाक

प्रेम ट्रेडर्स शोरूम में रखी गईं सभी ई-स्कूटी, बैटरियाँ और अन्य उपकरण पूरी तरह से जलकर राख हो गए। अनुमान लगाया जा रहा है कि कुल नुकसान ₹50 लाख से अधिक का हो सकता है। पुलिस आग के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

प्रशासन की सतर्कता से टली बड़ी अनहोनी
गनीमत यह रही कि आग पास की दुकानों तक नहीं पहुंची, वरना नुकसान और अधिक गंभीर हो सकता था। पुलिस व दमकल विभाग की सतर्कता से बड़ी अनहोनी टल गई।



