

रिपोर्टर नाम-: सचिन कुमार

लोकेशन-: देहरादून



बीते रविवार को नगर निगम देहरादून के अंतर्गत आर्केडिया-1, वार्ड 93 स्थित पुरानी लाइन क्षेत्र में चाय बागान बचाओ संघर्ष समिति द्वारा एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता समिति के सचिव छोटेलाल प्रधान ने की, जिसमें स्थानीय निवासियों के साथ-साथ विधानसभा सहसपुर के विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर भी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।



इस बैठक में चाय बागान क्षेत्र के निवासियों को मालिकाना अधिकार देने की मांग को दोहराया गया, साथ ही डीटीसी चाय कंपनी द्वारा की जा रही कथित असंवैधानिक प्रताड़ना के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया।


विधायक ने दिया समर्थन का भरोसा
विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि वे चाय बागान वासियों के साथ हर समस्या में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि इस क्षेत्र में रहने वाले परिवारों की समस्याओं को वे विधानसभा में मजबूती से उठाएंगे और राज्य सरकार तक उनकी आवाज पहुंचाएंगे।

समिति देगी संघर्ष को धार
बैठक में समिति के सचिव छोटेलाल प्रधान ने कहा कि चाय बागान बचाओ संघर्ष समिति प्रारंभ से ही क्षेत्रवासियों के हितों के लिए संघर्षरत है। “अब जबकि कंपनी द्वारा यहां के लोगों को बेवजह प्रताड़ित किया जा रहा है, समिति इसके खिलाफ संगठित तरीके से मोर्चा खोलेगी,” उन्होंने कहा।

स्थानीय निवासियों में दिखा आक्रोश
बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने डीटीसी चाय कंपनी की नीतियों के खिलाफ नाराजगी जताई और सरकार से स्थायी मालिकाना हक देने की मांग की।



