

गाड़ी में कई कुंतल मांस होने की आशंका, चालक फरार, पुलिस बल मौके पर मौजूद

लक्सर (हरिद्वार), 8 सितम्बर 2025:
लक्सर-बलावली मार्ग पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने एक संदिग्ध वाहन को रोककर उसमें प्रतिबंधित पशु मांस होने का आरोप लगाया। ग्रामीणों के अनुसार, गाड़ी में कई कुंतल प्रतिबंधित पशु मांस लदा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे, और तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया।




गाड़ी चालक मौके से फरार

बताया जा रहा है कि ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं की बढ़ती संख्या देखकर गाड़ी चालक और अन्य तस्कर मौके से फरार हो गए। वाहन को ग्रामीणों ने कब्जे में लेकर पुलिस को सूचना दी।


मौके पर पुलिस बल तैनात
सूचना मिलने पर लक्सर सीओ सहित आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लेने का प्रयास किया। भारी पुलिस बल की तैनाती के बावजूद लक्सर-बलावली मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।



जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने संदिग्ध वाहन को कब्जे में लेकर मांस के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। साथ ही वाहन स्वामी और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। स्थानीय प्रशासन ग्रामीणों को शांत करने और जाम खुलवाने में जुटा है।



