जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने सुनी जन समस्याएं, खटीमा-मझोला मार्ग निर्माण जल्द शुरू होने की दी जानकारी

जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने सुनी जन समस्याएं, खटीमा-मझोला मार्ग निर्माण जल्द शुरू होने की दी जानकारी

स्थान – खटीमा ऊधम सिंह नगर
रिपोर्ट – अशोक सरकार

जिला पंचायत अध्यक्ष उधम सिंह नगर अजय मौर्य ने पदभार संभालने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र खटीमा स्थित आवास पर जन समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया।

जनसुनवाई के दौरान अजय मौर्य ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के सहयोग से क्षेत्रीय विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि लंबे समय से चर्चा का विषय बना खटीमा-मझोला मार्ग अब जल्द ही हकीकत में तब्दील होगा।

अजय मौर्य ने कहा, “खटीमा-मझोला मार्ग की टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और आगामी 15 सितम्बर तक निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।” उन्होंने यह भी कहा कि उनकी प्राथमिकता स्थानीय स्तर की समस्याओं का समाधान करना है, जिसके लिए वह लगातार क्षेत्रवासियों से संपर्क में रहेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि खटीमा क्षेत्र के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और सभी जिला पंचायत सदस्यों के साथ मिलकर विकास कार्यों की योजनाएं बनाई जाएंगी और उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

अध्यक्ष बनने के बाद जनता के बीच पहुंचने और सीधे संवाद की इस पहल को स्थानीय लोगों ने सराहा और विकास कार्यों को लेकर नई उम्मीदें भी जताईं।