मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफ.एम.’ मोबाइल एप का लोकार्पण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफ.एम.’ मोबाइल एप का लोकार्पण

शिक्षा, संस्कृति और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सशक्त कदम: मुख्यमंत्री

हल्द्वानी, 5 सितंबर
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हैलो हल्द्वानी 91.2 एफ.एम. सामुदायिक रेडियो मोबाइल एप का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने इसे राज्य के शिक्षा एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल बताया और उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एप उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय मुद्दों, और शिक्षा को दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने में एक क्रांतिकारी भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह एप न केवल राज्य बल्कि पूरे देश के कोने-कोने तक समाज एवं संस्कृति की आवाज़ को पहुँचाकर उसे सशक्त करेगा।

शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर मुख्यमंत्री का दृष्टिकोण

मुख्यमंत्री धामी ने कहा,

“शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि यह जीवन को दिशा देने और आत्मनिर्भरता का आधार है।”

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार सभी 13 जिलों में उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास केंद्र स्थापित कर रही है, जिससे युवाओं को न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी, बल्कि वे रोज़गारपरक कौशल भी अर्जित कर सकेंगे। उन्होंने आशा जताई कि जब विश्वविद्यालय और कौशल विकास केंद्र मिलकर काम करेंगे, तब उत्तराखंड के युवा नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनेंगे। यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को साकार करने की दिशा में राज्य की अहम भागीदारी होगी।

देहरादून में नया केंद्र

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि देहरादून में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का एक प्रमुख केंद्र स्थापित किया जाएगा। यह केंद्र केवल एक शिक्षा स्थल नहीं होगा, बल्कि यह शोध, नवाचार और डिजिटल शिक्षा का भी मुख्य केंद्र बनेगा।

आपदा राहत में योगदान

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने विश्वविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी और आपदा राहत के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 1 लाख 49 हजार रुपये का चेक मुख्यमंत्री को भेंट किया।