

रिपोर्टर: संजय जोशी

जामा मस्जिद कमेटी के तत्वावधान में निकला जुलूस, मरीजों को फल वितरित कर की गई दुआएं

रानीखेत, 5 सितंबर —
पैग़म्बर-ए-इस्लाम हज़रत मोहम्मद साहब की पैदाइश के 1500वें वर्ष के उपलक्ष्य में ईद मिलादुन्नबी का पर्व रानीखेत में बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस आयोजन का नेतृत्व जामा मस्जिद कमेटी रानीखेत द्वारा किया गया।



शुक्रवार सुबह 9:30 बजे जामा मस्जिद से शांति जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए लोग नात शरीफ पढ़ते हुए आगे बढ़ रहे थे। यह जुलूस जरूरी बाजार, गांधी चौक, सदर बाजार से होता हुआ पुनः जामा मस्जिद परिसर में संपन्न हुआ।



जुलूस के बाद गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय में मरीजों और अस्पताल स्टाफ को फल वितरित किए गए। इस दौरान मरीजों की सेहत के लिए दुआ की गई।
जामा मस्जिद के ईमाम लईक अहमद तहसीनी ने मुल्क की सलामती, उत्तराखंड में हालिया बारिश और आपदा में जानमाल के नुकसान के लिए विशेष दुआ की। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग के लिए पुलिस प्रशासन का आभार भी जताया।



मस्जिद परिसर में बच्चों के लिए दीनी क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शाम को आमजन के लिए लंगर की व्यवस्था भी की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।


कार्यक्रम में मो० अफ़ज़ल, मो० शाहनवाज़, सोनू सिद्दीकी, मो० शादाब, मो० राशिद, नावेद अनीस, एज़ाज़ एहमद, जुनैद शेख़, मो० परवेज़, शौकत अली, अज़ीम मुस्तफा, मो० दानिश, अरबाज़ मुस्तफा, मो० मोईन, मो० यूसुफ, व मो० शादाब सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




