

स्थान-जसपुर

संवाद्दाता-अज़ीम खान



उत्तराखंड में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जिला अध्यक्ष चयन के लिए पहली बार रायशुमारी प्रक्रिया शुरू की गई है। गुरुवार को जसपुर स्थित परिणय बैंक्वेट हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ताओं और नेताओं ने हिस्सा लिया।



इस मौके पर हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री राव दान सिंह, लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी और पूर्व प्रदेश सचिव राजेंद्र सिंह की तीन सदस्यीय पर्यवेक्षक टीम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जिला अध्यक्ष पद के लिए रायशुमारी की। कार्यक्रम में जसपुर विधायक आदेश चौहान भी उपस्थित रहे।


इन नेताओं के नाम रेस में
जिला अध्यक्ष पद के लिए इस बार कई नाम सामने आए हैं, जिनमें प्रमुख हैं –
- हिमांशु बाबा (वर्तमान जिला अध्यक्ष)
- रंजीत सिंह (सितारगंज)
- परिमल राय (रुद्रपुर)
- आफताब आलम (जसपुर)
कार्यक्रम की शुरुआत में पर्यवेक्षकों ने कार्यकर्ताओं से संवाद किया और सभी से निष्पक्ष रूप से राय देने की अपील की। इसके बाद सभी दावेदारों पर चर्चा की गई और उपस्थित सदस्यों से गोपनीय राय ली गई।
“मिशन 2027 को लेकर कांग्रेस तैयार” – राव दान सिंह
मीडिया से बातचीत में राव दान सिंह ने कहा कि कांग्रेस इस प्रक्रिया के जरिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत कर रही है। उन्होंने बताया कि यह रायशुमारी राहुल गांधी के निर्देश पर हो रही है, जो “संगठन सृजन अभियान” के तहत चल रही एक बड़ी पहल का हिस्सा है।

“अब वह दिन दूर नहीं जब जनता एक बार फिर कांग्रेस को दिलों की रहनुमाई सौंपेगी। मिशन 2027 को लेकर पार्टी पूरी तरह तैयार है और प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठित करने का काम शुरू हो चुका है।” – राव दान सिंह


निष्पक्ष चयन का दावा
पर्यवेक्षकों ने भरोसा दिलाया कि जिला अध्यक्ष का चयन पूर्णतः पारदर्शी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से किया जाएगा। रायशुमारी के बाद जो भी नाम सामने आएगा, उसे आलाकमान के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा और अंतिम निर्णय वहीं से लिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह और सक्रियता देखने को मिली, जिसे पार्टी नेतृत्व 2027 की तैयारी में एक सकारात्मक संकेत के रूप में देख रहा है।



