

विशेष ट्रेनों की अवधि बढ़ी, अतिरिक्त ठहराव और कोच की सुविधा

बरेली। दशहरा, दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल ने अहम कदम उठाए हैं। यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष ट्रेनों की अवधि बढ़ाने के साथ ही स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव और गाड़ियों में कोचों की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया है।



मुंबई सेन्ट्रल–काठगोदाम पूजा विशेष ट्रेन अब दिसंबर 2025 तक
रेलवे प्रशासन ने मुंबई सेन्ट्रल–काठगोदाम पूजा विशेष ट्रेन (09075/09076) के संचालन की अवधि 31 दिसम्बर 2025 तक बढ़ा दी है। यह गाड़ी अब प्रत्येक बुधवार को मुंबई सेन्ट्रल से रवाना होगी और वापसी यात्रा काठगोदाम से गुरुवार को होगी। वापसी की अंतिम यात्रा 01 जनवरी 2026 को होगी।
इस ट्रेन में वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कुल 18 कोच लगाए गए हैं, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को आरामदायक सुविधा मिलेगी।


यात्रियों की मांग पर अस्थायी ठहराव
त्योहारों के दौरान यात्रियों की मांग को देखते हुए रेलवे ने विशेष गाड़ियों को अतिरिक्त ठहराव देने का भी निर्णय लिया है।

- 21 सितम्बर से 30 नवम्बर 2025 तक क्रान्तिवीर संगोल्लि रायाण्ण (बेंगलुरू)–लालकुआं विशेष तथा टनकपुर–अछनेरा विशेष गाड़ियाँ अब इज्जतनगर मंडल के ऊझानी, सिकन्दरा राव और रती के नगला स्टेशनों पर दो-दो मिनट रुकेंगी।

गाड़ियों में कोचों की संख्या बढ़ाई
भीड़ को देखते हुए रेलवे ने गाड़ियों की संरचना में भी बदलाव किया है।
- टनकपुर–अछनेरा विशेष गाड़ी में 2 अतिरिक्त सामान्य कोच जोड़े जाएंगे। अब यह गाड़ी 16 कोच की संरचना के साथ चलेगी।
- लालकुआं–बेंगलुरू विशेष गाड़ी में 1 अतिरिक्त वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी कोच जोड़ा जाएगा, जिससे इसकी संरचना 19 कोच की हो जाएगी।

रेलवे का कहना
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों में यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए ट्रेन संचालन, ठहराव और कोच संरचना में समय-समय पर बदलाव किए जाते रहेंगे।
त्योहारों के मौसम में रेलवे का यह कदम यात्रियों को घर तक पहुंचाने में बड़ी राहत लेकर आया है।



