

लोकेशन- रूड़की
संवाद्दाता- प्रिंस शर्मा

रुड़की (मंगलौर)। इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला मंगलौर क्षेत्र से सामने आया है। चोरी के शक में कुछ लोगों ने एक युवक को बेरहमी से पीटा और उसके मुंह में बंदूक की नाल ठूंस दी। इस पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।



वायरल वीडियो में दिखी हैवानियत
यह घटना मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मुंडलाना गांव की बताई जा रही है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ लोग युवक को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीट रहे हैं और गालियां दे रहे हैं। सबसे खौफनाक दृश्य तब सामने आया जब एक आरोपी युवक के मुंह में बंदूक की नाल डालकर जान से मारने की धमकी देता दिखाई दिया।



पुलिस ने लिया संज्ञान
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बर्बरता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।



लोगों में आक्रोश
सोशल मीडिया पर वीडियो फैलने के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। लोग इस घटना की निंदा करते हुए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं और इससे समाज में भय का माहौल बनता है।



